देश में बढ़ रही मॉब लिन्चिंग की घटनाओं को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी के साथ-साथ राजस्थान पुलिस पर बड़ा हमला किया है. राहुल गांधी ने देश को पीएम मोदी का क्रूर ‘न्यू इंडिया’ करार दिया है. साथ ही अलवर की हिंसा को लेकर कई गंभीर सवाल भी उठाए हैं. राहुल ने सवाल किया है कि आखिर पीड़ित को अस्पताल ले जाने में तीन घंटे क्यों लग गए.
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘अलवर में भीड़ की हिंसा के शिकार और मर रहे रकबर ख़ान को छह किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाने में पुलिसवालों को तीन घंटे लग गए. क्यों? वो रास्ते में चाय पीने के लिए रुके. ये मोदी का बर्बर ‘न्यू इंडिया’ है. जहां नफ़रत इंसानियत की जगह ले रही है और लोग मरने के लिए छोड़ दिए जा रहे हैं.’

देश में कहीं भीड़ की हिंसा नहीं हो रही है: बीजेपी विधायक
देश में बढ़ती भीड़ की हिंसा के बीच केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा ने दलील दी कि देश में कहीं भीड़ की हिंसा नहीं हो रही है. महेश शर्मा ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क हैं कि भीड़ की हिंसा कहीं न हो और सरकार इस तरह की घटनाओं के ख़िलाफ़ हैँ.
क्या है मामला?
अलवर ललावंडी गांव में मॉब लिंचिंग में हुई अकबर उर्फ रकबर की मौत के मामले में पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है. मामले की सूचना देने के बाद से छह घंटे तक पुलिस के साथ रहने वाले शख्स नवलकिशोर शर्मा के मुताबिक, पुलिस रात को एक बजे घायल अकबर को रामगढ़ थाने में लेकर आई थी. पुलिस ने रात ढ़ाई से तीन बजे तक आरोपी की थाने में पिटाई की थी और 4 बजे बाद थाने में ही उसकी मौत हुई. इस मामले में अलवर के भाजपा विधायक ज्ञानदेव आहूजा पहले ही बड़ा बयान दे चुके हैं. आहूजा ने अकबर की मौत पुलिस हिरासत में होने का बयान दिया है.
पुलिस को सबसे पहले घटना की सूचना देने वाले नवलकिशोर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घायल अकबर के इलाज में न केवल ढ़ाई से तीन घंटे की देरी की, बल्कि उसे रामगढ़ थाने ले जाकर उसे मारा पीटा भी. खुद पुलिस ने एफआईआर में शर्मा को घटना की सबसे पहले सूचना देने वाला और मौके पर साथ ले जाना बताया है. शर्मा के इस सनसनीखेज खुलासे से पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है.
बता दें कि 20 जुलाई को राजस्थान के अलवर से एक बार फिर भीड़ पर गो तस्करी के शक में एक आदमी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगा है. घटना अलवर के रामगढ़ की है. बताया जा रहा है कि एक शख्स पशु लेकर जा रहा था लेकिन उसी वक्त भीड़ ने उसे घेर कर पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस की तफ्तीश के मुताबिक, हरियाणा स्थित अपने गांव से दो गायें रामगढ़ के लालवंडी जा रहा था, तभी भीड़ ने उस पर हमला किया था. इससे पहले भी अलवर में ऐसी ही घटना देखने को मिली थी जहां पहलू खान को गोतस्करी के आरोप में भीड़ ने पीट- पीटकर हत्या कर दी थी.न्यूज 18 इंडिया संवाददाता भवानी सिंह के मुताबिक, ये घटना उस इलाके में हुई जहां कथित गोरक्षक सक्रिय हैं.















































