आशुतोष ने छोड़ी ‘आम आदमी पार्टी’, कहा- मत पूछों क्यों दिया इस्तीफ़ा

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी  के नेता आशुतोष ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने इस्तीफे की वजह निजी कारण को बताया है. आशुतोष ने ट्वीट कर इस्तीफे का ऐलान किया है. उन्होंने ट्वीट में पत्रकारों से कहा है कि वे इस मसले पर किसी सवाल का जवाब नहीं देंगे. आशुतोष ने कहा कि हर यात्रा का एक अंत होता है. आपके साथ यात्रा बेहद क्रांतिकारी और खूबसूरत रही. मैं इस्तीफा देते हुए पार्टी की कार्यकारिणी परिषद से आग्रह करता हूं कि वे इसे स्वीकार करें मैंने विशुद्ध निजी कारणों से यह फैसला लिया है. इस यात्रा के दौरान मेरा साथ देने वाले सभी कार्यकर्ता के प्रति आभार प्रकट करता हूं. इसके साथ ही आशुतोष ने मीडिया से कहा कि कृपया मेरी निजता का सम्मान करें, क्योंकि मैं इस संदर्भ में किसी भी प्रकार को कोई और बयान नहीं दूंगा.

 

उल्लेखनीय है कि इस साल की शुरुआत में दिल्ली की तीन राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में पार्टी की तरफ से उनको प्रबल दावेदारों की सूची में गिना जाता था, लेकिन अंत में उन्हें जगह नहीं मिली. सूत्रों का कहना है कि इस घटना के बाद से ही वह पार्टी में हाशिए पर माने जा रहे थे. राज्यसभा चुनावों के मसले पर ही उसके बाद कुमार विश्वास ने बगावत कर दी थी. अब आशुतोष के इस्तीफे को उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है.

 

मालूम हो कि आशुतोष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े थे. पार्टी ने उन्हें दिल्ली के चांदनी चौक सीट से उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वे हार गए थे. उससे पहले वे लंबे समय तक पत्रकारिता करते रहे. वह कई टीवी चैनलों में अहम भूमिका निभा चुके हैं.

 

गौर हो कि पिछले साल राज्यसभा चुनाव के समय अरिवंद केजरीवाल ने उद्योगपति सुशील गुप्ता को राज्यसभा का टिकट दिया था. आशुतोष और संजय सिंह को भी राज्यसभा भेजने की चर्चा हुई लेकिन आशुतोष ने सुशील गुप्ता के साथ राज्यसभा जाने से इंकार कर दिया. आशुतोष सुशील गुप्ता को राज्यसभा भेजने का विरोध कर रहे थे. लेकिन उनके विरोध के बावजूद सुशील गुप्ता को राज्यसभा भेजा गया. इसके बाद से ही राजनीति में उनकी सक्रियता कम होने लगी. अब उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है. आगामी लोकसभा चुनाव से पहले आशुतोष का इस तरह से पार्टी छोड़कर जाने से आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगेगा.

 

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करेंआप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )