पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान आज (शनिवार को) पाकिस्तान के 22वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे. इस्लामाबाद स्थित राष्ट्रपति भवन में सुबह साढ़े 9 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है, जहां राष्ट्रपति ममनून हुसैन उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे. जिओ न्यूज के अनुसार, मेहमानों को भेजे गए समारोह के निमंत्रण पत्र में कहा गया है कि समारोह राष्ट्रगान के साथ शुरू होगा, जिसके बाद राष्ट्रपति, मेहमान और नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री आकर सीट पर बैठेंगे. नेशनल ऐंथम के बाद पवित्र कुरान का पाठ होगा, उसके बाद हुसैन शपथ ग्रहण की शुरुआत कराएंगे, जिसके बाद शपथ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
वहीं, क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू, प्रधानमंत्री के रूप में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने शुक्रवार को पाकिस्तान पहुंच गए. सिद्धू वाघा सीमा के जरिए लाहौर पहुंचे और शनिवार को निर्धारित शपथ ग्रहण समारोह के लिए यहां पहुंचेंगे. लाहौर में संवाददाताओं से बातचीत में सिद्धू ने कहा, “मैं अपने मित्र (इमरान) के आमंत्रण पर पाकिस्तान आया हूं. यह बहुत खास क्षण है.” उन्होंने कहा, “खिलाड़ी और कलाकार दूरियां (देशों के बीच) मिटा देते हैं. यहां पाकिस्तानी लोगों के लिए प्यार का संदेश लेकर आया हूं.” सिद्धू ने ‘हिंदुस्तान जीवे, पाकिस्तान जीवे!’ का नारा लगाया. उन्होंने इमरान खान की अगुवाई में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सरकार द्वारा देश में आने वाले बदलाव का स्वागत किया.
बता दें कि शुक्रवार को ही पाकिस्तानी संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली में हुए एकतरफा चुनाव में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान को देश का नया प्रधानमंत्री चुना गया था. इमरान ने इस मुकाबले में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख शाहबाज शरीफ को मात दी थी. बिलावल भुट्टो जरदारी की अगुवाई वाली पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी), जिसके पास 44 सीटें हैं, के मतदान में हिस्सा नहीं लेने के फैसले के बाद 15वीं नेशनल असेंबली में चुनाव महज एक औपचारिकता रह गई थी. शरीफ की उम्मीदवारी को लेकर पीपीपी और पीएमएल-एन के बीच मतभेद उभर आए थे.
नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर ने ऐलान किया था कि क्रिकेटर से नेता बने 65 वर्षीय इमरान को 176 वोट मिले, जबकि उनके एकमात्र प्रतिद्वंद्वी और पीएमएल-एन के प्रमुख शाहबाज शरीफ को 96 वोट मिले. नतीजों की घोषणा के बाद पीएमएल-एन के सांसदों ने इमरान के खिलाफ नारे लगाए और सदन में विरोध प्रदर्शन किया था. जेल में बंद पूर्व प्रधनमंत्री नवाज शरीफ की तस्वीरें हाथ में लिए प्रदर्शन कर रहे पीएमएल-एन के समर्थकों ने ‘‘वोट को इज्जत दो’’ के नारे लगाए. स्पीकर कैसर जब सदन को सुचारू रूप से चलाने की कोशिश कर रहे थे, तब भी पीएमएल-एन के सांसद नारेबाजी कर रहे थे. इसके बाद स्पीकर ने 15 मिनट के लिए कार्यवाही निलंबित कर दी.
जब कार्यवाही बहाल हुई तो स्पीकर ने भावी प्रधानमंत्री इमरान से सदन को संबोधित करने के लिए कहा. संसद में अपने पहले संबोधन में इमरान ने ‘‘पाकिस्तान को लूटने वालों’’ के खिलाफ कार्रवाई का इरादा जाहिर किया. उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज अपने वतन से वादा करता हूं कि हम वह तब्दीली लाएंगे, जिसके लिए यह मुल्क लंबे समय से कोशिश करता रहा है.’’ इमरान ने कहा, ‘‘हमें इस देश में सख्त जवाबदेही कायम करनी है. मैं वादा करता हूं कि मैं पाकिस्तान को लूटने वालों के खिलाफ कार्रवाई करूंगा. जिस काले धन को सफेद किया गया, मैं उसे वापस लाऊंगा. जो पैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और पानी पर खर्च होने चाहिए थे, वे लोगों की जेब में चले गए.’’ उन्होंने कहा कि वह ऐसी चुनाव प्रणाली बनाएंगे, जिससे कोई भी व्यक्ति भविष्य में चुनावों में खामियां नहीं तलाश पाएगा. इमरान ने कहा, ‘‘लेकिन कोई मुझे ब्लैकमेल करने की कोशिश नहीं करे.’’
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )













