बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के दौरान लोगों को बारिश व धूप से बचाने के लिए बनाए गए टेंट का एक हिस्सा गिर गया। इसकी चपेट में आने के करीब 25 लोग जख्मी हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें 2 की हालत गंभीर है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब प्रधानमंत्री मोदी सभा को संबोधित कर रहे थे। उसी क्रम में कुछ लोग टेंट में लगे लोहे के खंभे पर चढ़ने लगे। पीएम ने भाषण बीच में रोकर उन लोगों से नीचे उतरने की भी अपील की। उसी दौरान अचानक टेंट गिर गया, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। हालांकि, भगदड़ नहीं मची जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह से ही पश्चिम मेदिनीपुर में बारिश हो रही थी। भारी बारिश की वजह से मैदान में भी जल जम गया था। कहा जा रहा है कि बारिश का पानी जमा हो जाने व मिट्टी गीली हो जाने की वजह से टेंट गिर गया है। बाद में सभा खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री सीधे अस्पताल पहुंचे, जहां वह घायलों से मिले और चिकित्सकों से जानकारी ली।
घायलों के उपचार में सभी मदद देगी सरकार
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी की सभा के दौरान टेंट गिरने से घायल लोगों के इलाज में हर मदद का भरोसा दिया है। हादसे के बाद किए ट्वीट में ममता ने लिखा है, ‘आज मेदिनीपुर की सभा में मंच गिरने से घायल हुए सभी के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना करते हैं, सरकार चिकित्सा उपचार के लिए सभी मदद दे रही है।’
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )













































