शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे का हमला कहा – देश की महिलाएं असुरक्षित है और मोदी सरकार गाय बचाने में लगी है

 

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। ठाकरे ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा है कि देश की महिला असुरक्षित हैं और सरकार गायों को बचाने में लगी है। उद्धव ठाकरे ने सामना को दिए इंटरव्यू में कई मुद्दों पर बात की।

 

उन्होंने कहा ‘मैं पिछले तीन-चार वर्षों से देश में चल रहे हिंदुत्व को स्वीकार नहीं करता हूं। यह हिंदुत्व का विचार हमारा नहीं है, हमारी महिला आज असुरक्षित हैं, और आप गायों की रक्षा कर रहे हैं।’ ठाकरे ने कहा, ‘आप लोगों को उनके खाने की प्राथमिकताओं के लिए निशाना नहीं बना सकते।’

 

उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘शिवसेना सरकार पर अंकुश रखने का काम कर रही है।’ उन्होंने कहा, शिवसेना जनता की दोस्त है, किसी एक पार्टी की मित्र नहीं है। समय समय पर मुझे अगर कोई बात पसंद ना आए तो उस समय मैं बोलता हूं और आगे भी बोलूंगा ही. ठाकरे ने कहा, ‘बोलने का ही नतीजा है कि बीते 4 वर्षों में शिवसेना ने की जो भूमिका रही अब वही लागू हो रही है।’

 

उन्होंने कहा, हमने सरकार की किसी भूमिका या नीति का विरोध किया तो वह देश और जनता के हित के लिए किया है। उन्होंने कहा, ‘जो भी किया वह खुलेआम किया। साथ दिया, वह भी खुलेआम दिया और विरोध किया तो वह भी खुलेआम।’

 

ठाकरे ने अविश्वास प्रस्ताव पर कहा, ‘सरकार को मतदान करना होता तो इतने दिनों तक हम सरकार के निर्णय पर हमला क्यों बोलते? आज जो सब लोग मिल कर बोल रहे हैं, उसकी भूमिका शिवसेना ने ही पहले रखी। बात चाहे नोटबंदी की हो, जीएसटी की हो, आज भी सभी लोग एक होकर बोल रहे हैं, उस समय इसके खिलाफ बोलने का साहस किसी के पास नहीं था, यह साहस सिर्फ शिवसेना के पास है।’

ठाकरे ने कहा, ‘ वाह-वाह करने वालों और चाटुकारिता करने वालों को मैं मित्र नहीं मानता, सरकार में हिस्सेदारी होने के बाद भी देश की जनता के लिए अगर कुछ गलत कदम उठाए जाएंगे तो पूरी ताकत के साथ उसे बताना मैं फर्ज समझता हूं और वह मैं करुंगा। ‘