लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि सपा-बसपा की सरकारों ने प्रदेश को मुख़्तार, अतीक और मुकीम काला जैसे माफिया दिए वहीँ भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए 60 हजार करोड़ का निवेश लेकर आई है. चुनाव से पूर्व देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने डबल इंजन के लिए प्रदेश कि जनता से माँगा था. अब जनादेश मिलने के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जोड़ी ने इन्वेस्टर्स समिट के जरिये महज 5 महीनों के भीतर 60 हजार करोड़ का रिकार्ड निवेश कराकर यह साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में अब डबल इंजन की सरकार काम कर रही है. उत्तर प्रदेश के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है. इस निवेश से उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में आगे तो निकलेगा ही यहां रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा होंगे. प्रदेश में 60 हजार करोड़ का अभूतपूर्व निवेश कराने के लिए प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी साधुवाद के पात्र हैं.
प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि तेजी से बदलते उत्तर प्रदेश में रिकार्ड निवेश देखकर कुछ दल बौखलाए हुए हैं. ये वही दल हैं जिन्होंने आजादी के बाद सबसे ज्यादा वक्त तक देश की सत्ता पर राज किया. लेकिन एक बड़ी आबादी को शौचालय तक मुहैया नहीं करा पाए. उनके राज में अमेठी-रायबरेली की सड़के तक नहीं सुधरी. उत्तर प्रदेश में सरकारी अराजकता के जरिये प्रदेश को विकास के बजाय विनाश की तरफ ले जाने वाले दल भी बदलते उत्तर प्रदेश को देखकर हताश हैं. और इस आयोजन की तारीफ करने के बजाय कमियां ढूंढने में लगे हैं. ऐसे दलों को प्रदेश की जनता 2019 में एक बार फिर जवाब देगी.
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा देश के जाने माने उद्योगपतियों ने खुले मंच से निवेश के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की सिंगल विंडो पालिसी को सराहा है तो वहीँ पिछली सरकारों की यह कहकर पोल खोल दी है कि भ्रष्टाचार और बदतर क़ानून व्यवस्था के चलते लोग प्रदेश में निवेश नहीं करना चाहते. तमाम उद्योगपतियों ने यह खुलासा भी किया कि तरह सपा-बसपा सरकारों में कारोबार करने के लिए उनसे न सिर्फ सुविधा शुल्क मांगे गए बल्कि उन्हें बिना किसी वजह एक दरवाजे से दूसरे दरवाजे तक दौड़ाया गया. गुंडाराज के चलते भी लोग प्रदेश में निवेश करने से डरते थे. इन्हीं उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर माहौल देने पर योगी आदित्यनाथ की जमकर प्रशंसा भी की.
प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि महज 16 महीनों की सरकार ने पहले तो सफल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कराकर सबका ध्यान उत्तर प्रदेश की ओर खींचा और इस समिट के महज 5 महीनों के भीतर प्रदेश में 60 हजार करोड़ का निवेश कराकर यह साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश बदल गया है. सपा- बसपा की सरकारों में जो सूबा भ्रष्टाचार और अराजकता के लिए जाना जाने लगा था. अब उसी प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और बेहतर क़ानून व्यवस्था के चलते निवेश की होड़ लगी है.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )











































