सहारानपुर में शनिवार सुबह भारी बारिश की वजह से एक मकान ढह गया, इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों के मलबे में दबने से मौत हो गई. मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है.
बता दें कि गुरुवार को मानसून की बारिश ने कहर बरपाया. आफत की इस बारिश में 33 लोगों की जान जा चुकी है , जबकि जाम, जलभराव और सड़क धंसने से आम जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. हादसों में सबसे ज्यादा आगरा में 5 लोगों की मौत हुई है, मैनपुरी में बारिश की वजह से चार लोग काल के गाल में समा गए. मुजफ्फरनगर और कासगंज में 3-3 लोगों की जान गई. मेरठ और बरेली में 2-2 लोगों की मौत हो गई. कानपुर देहात, मथुरा, गाजियाबाद, हापुड़, झांसी, रायबरेली, जालौन, जौनपुर में एक-एक लोगों की जान चली गई.
प्रदेश के कई जिलों में शहरों से लेकर गांव तक में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालत पैदा हो गए हैं. पानी से कहीं सड़कें बह गईं तो कहीं सड़कें नहर बन चुकी हैं. आगरा में भारी बारिश से रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया. जिसकी वजह से सिग्नल फेल हो गया. भारी बारिश में दर्जनों ट्रेन जहां-तहां खड़ी हो गईं, जिसमें हजारों यात्री फंसे रहे.
36 घंटे से रूक-रूककर लगातार हो रही बारिश से लखनऊ भी बेहाल रहा. इंदिरानगर, उतरेतिया, गणेशगंज, जीएसआई, समेत एक तिहाई शहर की बिजली गुल हो गई. जलभराव की वजह से पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त नजर आई. सआदतगंज के कश्मीरी मोहल्ले में 80 साल पुराना मकान ढह गया. इसमें तीन बच्च्यों समेत एक लोग घायल हो गए.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )











































