हमीरपुर: बीजेपी महिला विधायक के मंदिर में प्रवेश से अपवित्र हुआ मंदिर, गंगाजल से कराया गया शुद्धिकरण

हमीरपुर: यूपी के हमीरपुर जिले में एक मंदिर को गंगाजल से धुलवाकर पवित्र करने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बीजेपी की एक महिला विधायक ने मंदिर में प्रवेश किया था जिसके बाद मंदिर को धुलवाया गया. यहां के लोगों की मान्यता है कि मंदिर में महिलाओं का प्रवेश वर्जित है अगर ऐसा हुआ तो इनके इलाके में बरसात नहीं होगी.

 

जानकारी के मुताबिक, यह मामला राठ ब्लाक के मुस्कुरा खुर्द गांव का है. यहां धूम्र ऋषि का आश्रम है जहां उनकी प्रतिमा लगी हुई है. यहां महिलाओं का प्रवेश वर्जित है. बताया जा रहा है कि महिलाएं केवल बाहर से दर्शन करने आती हैं.

 

12 जुलाई को राठ विधानसभा क्षेत्र की बीजेपी विधायक मनीषा अनुरागी एक स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं. इस दौरान उन्होंने आश्रम में पहुंचकर धूम्र ऋषि के मंदिर में पूजा-अर्चना की थी. जब ग्रामीणों ने महिला विधायक को मंदिर प्रांगन में देखा तो हड़कंप मच गया और आनन-फानन में आश्रम और मंदिर को गंगाजल से धुलवाकर पवित्र किया गया.

 

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करेंआप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )