Lucknow Fire Accident: लखनऊ (Lucknow) के विकासनगर सेक्टर-12 रिंग रोड किनारे स्थित अवैध बस्ती में बुधवार शाम अचानक लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते करीब 1200 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। झोपड़ियों में रखे लगभग 100 गैस सिलिंडरों के फटने से हालात और भयावह हो गए। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
➡️लखनऊ के विकास नगर में आग का तांडव।
➡️1200 झुग्गियां जलकर राख , कई परिवार बेघर।
➡️100 से ज्यादा सिलेंडर ब्लास्ट, इलाका दहशत में।
➡️चारों तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल।
➡️राहत-बचाव कार्य जारी, कई बच्चे लापता। @lkopolice । #LucknowFirecase ।… pic.twitter.com/9l4I5ofcYj— Breaking Tube (@BreakingTubeX) April 16, 2026
दो बच्चों की मौत, कई अब भी लापता
इस दर्दनाक हादसे में लापता छह बच्चों में से आयुषी और स्वाती की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बाकी बच्चों की तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाते रहे। इस घटना से प्रभावित परिवारों में गहरा शोक है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दमकल की देरी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के बाद पुलिस और दमकल को सूचना देने में दिक्कत हुई और मौके पर मदद देर से पहुंची। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो नुकसान कम हो सकता था। हालांकि बाद में 22 दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर रात 10 बजे तक आग बुझाने का प्रयास किया।
भगदड़, हंगामा और पुलिस से झड़प
आग के दौरान इलाके में भगदड़ मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। घटनास्थल पर वीडियो बना रहे लोगों की भीड़ के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ। पुलिस द्वारा भीड़ हटाने पर कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
तनाव का माहौल
पीड़ितों ने प्लॉट मालिक पर झोपड़ियां हटवाने के लिए आग लगवाने का आरोप लगाया। इसको लेकर लोगों ने उसके घर का घेराव किया और हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
प्रशासन सक्रिय, राहत कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। आसपास के 30 घरों को खाली कराया गया और प्रभावित परिवारों के लिए भोजन व रहने की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। डिप्टी सीएम ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, जबकि प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































