रायबरेली : जिले के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के हौसले को बढ़ाने के लिए विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में ‘मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय थे। इस अवसर पर उन्होंने रायबरेली के 21 मेधावी छात्रों को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया। इसके अलावा, जिले के तीन अन्य शीर्ष छात्र-छात्राओं को प्रदेश स्तर पर लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया गया।
बेटियों की सफलता समाज के लिए सकारात्मक संकेत
समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री डॉ. पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा का स्तर पहले की तुलना में काफी बेहतर और सुदृढ़ हुआ है। सरकार शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार और शिक्षण संस्थानों में संसाधनों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार की परीक्षा में बड़ी संख्या में बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और बेटियों की सफलता का सकारात्मक संकेत है।
छात्रों का मनोबल बढ़ा, सभागार तालियों से गूंजा
मंत्री ने कहा कि सरकार मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। इस तरह के सम्मान समारोह न केवल पुरस्कृत होने वाले छात्रों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों में भी प्रतिस्पर्धात्मक भावना और उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा पैदा करते हैं।
शिक्षक और अभिभावक बने गवाह
समारोह में भारी संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके गौरवान्वित अभिभावक और शिक्षक मौजूद थे। सीडीओ अंजूलता भी इस अवसर पर उपस्थित रही।













































