बाराबंकी : जनपद की तहसील रामनगर स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र रामनगर ओल्ड में आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते मंगलवार, 07 अप्रैल 2026 की सुबह 09:00 बजे से बुधवार, 08 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 10:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूर्णतः बंद रहेगी। यह निर्णय उपकेंद्र पर स्थापित 5 एमवीए ट्रांसफार्मर नंबर-01 के निर्धारित मेंटेनेंस कार्य के कारण लिया गया है।
इस दौरान गनेशपुर फीडर से जुड़े लगभग 70 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके साथ ही दूध डेरी फीडर, जहां कई औद्योगिक इकाइयां संचालित होती हैं, की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित होगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान आवश्यक कार्यों की पूर्व तैयारी कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
अधिकारियों की निगरानी में होगा कार्य, विभाग ने जारी किया नोटिस
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता राजबाला के निर्देशानुसार यह 24 घंटे का शटडाउन लेकर जरूरी तकनीकी कार्य कराया जाएगा। अब 24 घंटे लोगों के लिए विद्युत व्यवस्था पूरी तरीके से बंद कर दी जाएगी तो इस गर्मी में लोग परेशान होंगे।इस महत्वपूर्ण कार्य की निगरानी अधिशासी अभियंता हरिपाल सिंह द्वारा की जाएगी, जबकि उपखंड अधिकारी संजय मीणा और अवर अभियंता अनुराग की टीम मौके पर उपस्थित रहकर कार्य को संपन्न कराएगी।
अवर अभियंता द्वारा जारी नोटिस के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों, किसानों एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को पहले ही सूचित कर दिया गया है, ताकि वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें। विभाग का कहना है कि यह मेंटेनेंस कार्य भविष्य में बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कार्य पूर्ण होते ही आपूर्ति को पुनः सुचारु कर दिया जाएगा।









































