कॉलोनी में मौत बनकर दौड़ रहा 33 हजार वोल्ट का तार! जौनपुर में पिता-पुत्र समेत तीन झुलसे

जौनपुर: जफराबाद जगदीशपुर चौराहा स्थित सिंह कोल्ड स्टोर के पास गुरुवार को टीन शेड लगाते समय 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल ज्ञान प्रकाश सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि उनके 18 वर्षीय पुत्र प्रांजल सिंह और मिस्त्री महेंद्र कुमार का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

बताया गया कि ज्ञान प्रकाश सिंह अपने मकान के सामने टीन शेड लगवा रहे थे। इसी दौरान शेड ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गया। करंट की चपेट में आते ही तीनों झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने बांस और डंडे की मदद से उन्हें तार से अलग किया।

Also Read: टेंट उतारते समय करंट से युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

स्थानीय लोगों के मुताबिक कॉलोनी में करीब 20-25 मकान हैं और हाईटेंशन लाइन आबादी के बीच से गुजर रही है। लोगों का आरोप है कि लाइन को अंडरग्राउंड कराने या आबादी से बाहर स्थानांतरित करने की मांग कई बार की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि तार पहले भी दो बार टूटकर कॉलोनी में गिर चुका है। लोगों ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग करते हुए भविष्य में बड़े हादसे की आशंका जताई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)