फैशन टीवी घोटाला: लखनऊ (Lucknow) के एक होटल में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में देशभर से आए पीड़ित व्यापारियों ने बड़ा खुलासा किया। उनका आरोप है कि फैशन टीवी (Fashion Tv Scam) के नाम पर 200 से अधिक लोगों से 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की गई। इस दौरान लखनऊ के कारोबारी मनोज अग्रवाल, दिल्ली के विकास बंसल और मुंबई के राजेश तलवानी सहित कई पीड़ितों ने अपनी आपबीती साझा की और इस मामले को एक सुनियोजित आर्थिक अपराध बताया।
‘फैशन टीवी’ घोटाला और झांसा
मनोज अग्रवाल ने बताया कि कंपनी एक साल में 80 फीसदी तक रिटर्न का झांसा देती थी, जिससे लोग तेजी से आकर्षित होते थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बड़े पैमाने पर प्रचार कर भरोसा बनाया गया। शुरुआत में लोगों को बड़े पद और फायदे का सपना दिखाया जाता था, लेकिन बाद में यह पूरी तरह फर्जी साबित हुआ और निवेशकों का पैसा फंस गया।
फैशन टीवी घोटाले ने सैकड़ों परिवारों को किया बर्बाद
दिल्ली से आए विकास बंसल ने कहा कि इस घोटाले ने सैकड़ों परिवारों को बर्बाद कर दिया है। कई लोगों ने अपनी जीवन भर की बचत लगा दी, जबकि कुछ ने कर्ज लेकर निवेश किया। आज स्थिति यह है कि अधिकांश पीड़ित आर्थिक रूप से टूट चुके हैं और मानसिक तनाव से भी गुजर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी काशिफ खान को बचाने की कोशिश की जा रही है।
‘फैशन टीवी’ घोटाला 12 साल पुराना मामला
मुंबई के कारोबारी राजेश तलवानी ने भावुक होकर बताया कि करीब 12 साल पहले उनसे 3 करोड़ रुपये लिए गए थे, जो अब लगभग 30 करोड़ के बराबर हो चुके हैं। जब उन्होंने जरूरत के समय पैसा वापस मांगा, तो उन्हें ब्लॉक कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अब उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और परिवार पर संकट गहरा गया है।
CM योगी से न्याय की अपील
प्रेस वार्ता में पीड़ितों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पुलिस के साथ मिलकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने योगी आदित्यनाथ हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही आरोपी का पासपोर्ट जब्त करने और देश छोड़ने से रोकने की भी अपील की गई।
‘फैशन टीवी’ घोटाला और सेलिब्रिटी कनेक्शन
इस मामले में एक और बड़ा आरोप यह लगा कि आरोपी ने कथित तौर पर Shilpa Shetty और Raj Kundra के साथ जुड़ाव का फायदा उठाकर लोगों का भरोसा जीता। पीड़ितों का कहना है कि 2014 के आसपास इस तरह के नामों का इस्तेमाल निवेश आकर्षित करने के लिए किया गया। उन्होंने मांग की है कि इस एंगल की भी गहराई से जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































