लोकसभा में नियम 377 के तहत सांसद रवि किशन शुक्ल ने दिल्ली से गुवाहाटी के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से संचालित किए जाने की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस रूट पर आधुनिक एवं तेज रफ्तार ट्रेन की कमी के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे दूर करने के लिए यह कदम अत्यंत आवश्यक है।
नई दिल्ली। लोकसभा में अपने वक्तव्य के दौरान सांसद रवि किशन शुक्ल ने दिल्ली से गुवाहाटी के मध्य प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से संचालित करने की मांग करते हुए कहा कि यह न केवल पूर्वांचल बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
सांसद ने सदन के माध्यम से माननीय रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि गोरखपुर–सिवान मार्ग पर वर्तमान में कोई भी हाई-स्पीड या सेमी-हाई स्पीड आधुनिक ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इस रूट पर चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में वर्षभर अत्यधिक भीड़ बनी रहती है, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता और लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या आम हो गई है। त्योहारों और विशेष अवसरों के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर न केवल पूर्वांचल का प्रमुख शहर है, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोरखनाथ मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों के कारण यहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं। इसके अतिरिक्त यह क्षेत्र व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी है। पूर्वांचल और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों लोग रोजगार, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में दिल्ली तथा पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा करते हैं।
Also read:पाकिस्तान जैसे देश से अमेरिका डर गया?अमेरिका ने अक्साई चिन वाला पोस्ट किया डिलीट
सांसद रवि किशन ने कहा कि यदि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से संचालित किया जाता है, तो इससे न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेल सेवा भी मिलेगी। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय व्यवसायों को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि गुवाहाटी पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार है और वहां तक बेहतर रेल संपर्क स्थापित करना राष्ट्रीय एकता एवं क्षेत्रीय संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। तेज एवं आधुनिक रेल सेवा से पूर्वांचल और पूर्वोत्तर के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
अंत में सांसद रवि किशन शुक्ल ने केंद्र सरकार और माननीय रेल मंत्री से आग्रह किया कि जनहित, धार्मिक महत्व और व्यापारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली से गुवाहाटी के मध्य वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को गोरखपुर–सिवान मार्ग से संचालित करने की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सके।
INPUT-MUKESH












































