UP: उत्तर प्रदेश के मथुरा में देश का पहला राष्ट्रीय गौ संस्कृति संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के परिसर में विकसित होगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल पर प्रस्तावित इस संग्रहालय के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह संग्रहालय गौवंश के धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और वैज्ञानिक महत्व को एक ही छत के नीचे प्रस्तुत करेगा।
परंपरा और आधुनिक विज्ञान का संगम
आगरा मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने जानकारी दी कि संग्रहालय का उद्देश्य लोगों को गाय और उससे जुड़े उत्पादों की उपयोगिता के प्रति जागरूक करना है। उनका कहना है कि यह केंद्र पारंपरिक मान्यताओं और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण का समन्वय होगा। हाल ही में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर परियोजना की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
Also Read:पीएम मोदी ने संभाला नया कार्यालय,प्रधानमंत्री ने किसानों और महिलाओं के लिए किए बड़े फैसले
देशी और विलुप्तप्राय नस्लों का प्रदर्शन
संग्रहालय में देशभर की प्रमुख और दुर्लभ गौ नस्लों के लगभग 100 डिजिटल और प्रतीकात्मक मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध गौ परंपरा और जैव विविधता से अवगत कराना है। आधुनिक तकनीक की मदद से नस्लों की विशेषताओं, संरक्षण प्रयासों और उनके कृषि व ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान को दर्शाया जाएगा।
डेयरी उत्पादों पर विशेष प्रदर्शनी
संग्रहालय का एक प्रमुख आकर्षण दूध और उससे बनने वाले उत्पादों पर आधारित गैलरी होगी। यहां दूध, दही, पनीर और घी के पोषण, वैज्ञानिक और आयुर्वेदिक लाभों को इंटरएक्टिव माध्यम से समझाया जाएगा। परिसर में एक डेयरी पार्लर भी स्थापित किया जाएगा, जहां शुद्ध डेयरी उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।
गौ संरक्षण को मिलेगा प्रोत्साहन
अधिकारियों का मानना है कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष स्थान है और यह परियोजना धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तैयार किया जा रहा यह राष्ट्रीय स्तर का संग्रहालय ब्रज क्षेत्र की पहचान को सशक्त करेगा और वैज्ञानिक आधार पर गौ-आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा।















































