सिंगापुर और जापान जाएंगे सीएम योगी, भगवा, सैंडल की जगह जूते पहनेंगे सीएम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी सिंगापुर और जापान दौरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस बार चर्चा का केंद्र उनका पहनावा है।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विदेश यात्रा के दौरान भी भगवा वस्त्र में ही नजर आएंगे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी को सिंगापुर जाएंगे। इसके बाद उनका जापान दौरा भी प्रस्तावित है। योगी पहली बार सिंगापुर-जापान में होंगे। एजेंडा यूपी में निवेश लाने का है, लेकिन इससे अधिक चर्चा उनके पारंपरिक भगवा पहनावे को लेकर हो रही है। मुख्यमंत्री इस बार भी अपने पारंपरिक भगवा कुर्ता-चोला में ही विदेश यात्रा पर जाएंगे। आमतौर पर देश में होने वाले सरकारी कार्यक्रमों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक योगी आदित्यनाथ अपने इसी पहनावे में नजर आते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह उनकी व्यक्तिगत और वैचारिक पहचान का हिस्सा बन चुका है।

सीएम के फुटवियर को लेकर भी चर्चा है। आमतौर पर सर्दी हो या गर्मी, योगी आदित्यनाथ सैंडल पहनते हैं। लेकिन इस विदेश दौरे में वे औपचारिक जूते (शूज़) पहन सकते हैं। इसे अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल और मौसम दोनों से जोड़कर देखा जा रहा है।जापान की अत्याधुनिक मैग्लेव (मैग्नेटिक लेविटेशन) ट्रेन चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है। मुख्यमंत्री अपने जापान प्रवास के दौरान इस हाईस्पीड ट्रेन में 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा करेंगे, जिसमें 50 किलोमीटर जाना और 50 किलोमीटर की वापसी होगी।

Also read:कांग्रेस ने AI समिट को बताया PR तमाशा, शशि थरूर ने की तारीफ, थरूर ने कहा बड़े आयोजन में गड़बड़ी हो सकती हैं

जापान टोक्यो से नागोया के बीच मैग्लेव कॉरिडोर को वर्ष 2027 तक शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है, जिसके बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा समय आधे से भी कम रह जाएगा। यूपी में पहले ही एक्सप्रेसवे, मेट्रो और क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम जैसे परियोजनाओं के जरिए गतिशील इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। ऐसे में मैग्लेव जैसी भविष्य की तकनीक का प्रत्यक्ष अनुभव नीति निर्माण और दीर्घकालिक योजना के लिए उपयोगी माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को भारत-जापान सहयोग के व्यापक परिप्रेक्ष्य में भी देखा जा रहा है। हाईस्पीड रेल, स्मार्ट मोबिलिटी और सतत परिवहन के क्षेत्र में सहयोग से उत्तर प्रदेश समेत देश के परिवहन नेटवर्क को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है। जापान की मैग्लेव ट्रेन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह सफर न केवल तकनीकी प्रगति का अनुभव होगा बल्कि तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की भावी तस्वीर को भी करीब से देखने का अवसर प्रदान करेगा।

सीएम ऑफिस के अनुसार 22 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी सिंगापुर के लिए रवाना होंगे। सीएम का दौरा 23 व 24 फरवरी को सिंगापुर और 25 व 26 फरवरी को जापान में प्रस्तावित है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक सहयोग बढ़ाना और उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश को प्रोत्साहित करना बताया जा रहा है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति ने पारंपरिक परिधान में विदेश यात्रा की हो, लेकिन ऐसा कम ही देखने को मिलता है। समर्थकों के अनुसार यह भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रतीक है, वहीं विपक्ष इसे प्रतीकात्मक राजनीति से जोड़कर देख रहा है।

INPUT-ANANYA MISHRA

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.