बहराइच: यूपी (UP) के बहराइच (Bahraich) जिले के कैसरगंज रेंज के प्रभावित गांव मंझारा तौकली के मजरे लोनियनपुरवा में एक हिंसक भेड़िया घर में घुस गया और दो साल के मासूम पर हमला कर दिया। मां की बहादुरी और सूझबूझ से बच्चे की जान बच गई, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
भेड़िया रसोई में घुस आया
मंझारा तौकली के मजरे लोनियनपुरवा गांव निवासी अनिल कुमार चौहान शुक्रवार को मजदूरी के लिए बाहर गए थे। शाम 7:30 बजे उनकी पत्नी ज्ञानवती रसोई में अपने दो वर्षीय बच्चे आदित्य को खाना खिला रही थीं। वह पति के आने का इंतजार कर रही थीं। तभी अचानक सरसराहट हुई और कुत्ते से बड़े आकार का एक भेड़िया रसोई में घुस आया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, वन्य जीव ने बच्चे पर झपट्टा मार दिया।
घटना में मासूम के चेहरे पर गंभीर चोटें आई
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भेड़िया भाग निकला। घटना में मासूम आदित्य के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान दीपनारायण यादव, बीडीसी सहजराम, कैसरगंज रेंजर ओंकार नाथ यादव और थानाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला पुलिस व वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वन विभाग ने भेड़िये की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर पहरा दिया
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर पहरा दिया, जबकि वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। महिला के मुताबिक, भेड़िया था, जिसने हमला किया था। वन विभाग के मुताबिक, फुटप्रिंट के आधार पर जानवर को पता करने के प्रयास किया जा रहे हैं।












































