बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI इंपेक्ट समिट (AI Impact Summit 2026) के दौरान यूथ कांग्रेस (Youth Congress) के विरोध प्रदर्शन पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रदर्शन को ‘अशोभनीय’ और ‘निंदनीय’ करार देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर ऐसा व्यवहार देश की गरिमा के लिए चिंता का विषय है। मायावती ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि अगर यह इवेंट अंतर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो मामला अलग होता, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय समिट के दौरान ऐसा आचरण ठीक नहीं है।
मायावती का एक्स पोस्ट
नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह…
— Mayawati (@Mayawati) February 21, 2026
यूथ कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन
20 फरवरी को आयोजित एआई समिट में लगभग 8-10 यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका के बीच हुए ट्रेड डील का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतार कर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और ‘पीएम इज़ कॉम्प्रोमाइज्ड’ जैसे नारे लगाए। इस अर्धनग्न प्रदर्शन ने पूरे भारत मंडपम परिसर में हड़कंप मचा दिया।
सुरक्षा बलों ने संभाला मामला
घटना के तुरंत बाद इवेंट स्थल पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें कार्यक्रम से बाहर ले जाया गया। सुरक्षा व्यवस्था ने स्थिति को नियंत्रण में किया, ताकि अंतर्राष्ट्रीय मेहमान और समिट के आयोजक प्रभावित न हों। इस घटना ने न केवल कार्यक्रम के आयोजकों बल्कि राजनीतिक दलों के बीच भी हलचल बढ़ा दी।
राजनीतिक विवाद गरमा गया
इस घटना को लेकर सियासत भी गर्म हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने यूथ कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी असंवैधानिक और ‘एंटी-नेशनल’ गतिविधियों से अपनी मानसिकता साबित कर दी। वहीं, बीजेपी ने देशभर में इस विरोध के खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना भी बनाई है। इस बीच, दुनिया भर में एआई समिट की सराहना हो रही है, जबकि कांग्रेस के विरोध ने राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है।












































