गोरखपुर: बाराबंकी और वाराणसी में कोर्ट के आदेश पर ओम शक्ति कैटल फीड्स प्रा. लि. के यूनिटों पर एक साथ छापेमारी की गई। गोरखपुर के गीडा सेक्टर 26 में स्थित मुख्य यूनिट में भारी मात्रा में कथित नकली और कॉपी किए गए पशु आहार बरामद हुए। इस दौरान मौके पर ओम एग्रो फूड्स एंड फीड्स प्रा. लि. के लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य के माल को सीज कर दिया गया। ओम शक्ति के डायरेक्टर संजीव मिश्रा को नोटिस जारी किया गया कि कोर्ट के अगले आदेश तक यथास्थिति बनाए रखें।
अवैध कॉपी और ट्रेडमार्क उल्लंघन का मामला
मिली जानकारी के अनुसार, ओम शक्ति कैटल फीड्स लंबे समय से ओम एग्रो फूड्स के पंजीकृत ब्रांड की नकल कर अपने यूनिट में पशु आहार तैयार कर बाजार में बेच रहा था। इस उल्लंघन की जानकारी मिलने पर उत्तर-पश्चिम जिला न्यायालय, रोहिणी, दिल्ली में कानूनी कार्यवाही शुरू की गई। न्यायालय के निर्देशानुसार छापेमारी कर कंपनी के अवैध उत्पादों की जांच की गई।
छापेमारी में हुई बड़ी मात्रा में माल बरामद
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सहजनवा थाना की पुलिस मौजूद रही। मौके पर लोकल कमिश्नर मुकेश और कंपनी के अधिवक्ता प्रखर कुमार पांडेय एवं अधिकृत प्रतिनिधि कृष्णा सिंह ने छापे की कार्यवाही में सहयोग किया। भारी मात्रा में कथित नकली उत्पाद बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई गई। सभी माल को सीज कर दिया गया और उनके विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई।
छापेमारी के दौरान तनावपूर्ण स्थिति
इस कार्रवाई के दौरान ओम शक्ति कैटल फीड्स के डायरेक्टर संजीव मिश्रा ने पूरी तरह सहयोग नहीं किया। अधिवक्ता प्रखर कुमार पांडेय, लोकल कमिश्नर मुकेश और अधिकृत प्रतिनिधि कृष्णा सिंह को पुलिस की मौजूदगी में मारपीट की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया। वाराणसी और बाराबंकी की अन्य दो यूनिटों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई क्रमशः लोकल कमिश्नर अनुभव रस्तोगी और हरदीर बेवी के नेतृत्व में की गई।
Also Read: यूपी में फिर से लौटा भेड़िया! मासूम को किया घायल, मां ने मुकाबला कर बचाई जान
ओम एग्रो फूड्स की प्रतिक्रिया
ओम एग्रो फूड्स एंड फीड्स प्रा. लि. के डायरेक्टर आशुतोष ने बताया कि वह अपने ब्रांड, बौद्धिक संपदा अधिकार और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए कानूनी कार्रवाई जारी रखेंगे। कंपनी ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की नकल और अवैध उत्पाद निर्माण को वह बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके लिए अदालत के आदेशों का पालन करते हुए पूरी कानूनी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।









































