UP: शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत चयनित लाभार्थी परिवारों को क्षतिपूर्ति राशि वितरित की। उन्होंने स्वयं मंच से कुछ किसानों और परिवारों को चेक सौंपकर आर्थिक संबल प्रदान किया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत हरदोई के गोकर्ण को 2.11 लाख रुपये, हमीरपुर के मोहन लाल को 1.72 लाख रुपये, एटा की विनीता देवी को 1.17 लाख रुपये, जालौन के शिवम राजावत को 1.03 लाख रुपये तथा कन्नौज की सुशीला सिंह को 88 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
कृषि यंत्रीकरण को मिला बढ़ावा
कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और मशीनरी के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री ने कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत भी अनुदान वितरित किया। एग्रीग्रेटर योजना के अंतर्गत रायबरेली के कुलदीप मौर्य को 32 लाख रुपये प्रदान किए गए। कस्टम हायरिंग सेंटर (सीएचसी) के लिए लखनऊ के दीपचंद्र को 22.33 लाख रुपये तथा लखनऊ के ही मटरू प्रसाद को 4 लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा फॉर्म मशीनरी बैंक (एफएमबी) योजना के तहत रायबरेली के कृपाशंकर शुक्ल और सीतापुर के अखिलेश तिवारी को 8-8 लाख रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया।
दुर्घटना पीड़ित परिवारों को राहत
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत भी कई परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस योजना के अंतर्गत रायबरेली की प्रीति, सीतापुर की रागिनी वर्मा, उन्नाव की शगुना, लखनऊ की इंदरानी तथा ऊषा को 5-5 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि के चेक दिए गए। सरकार का उद्देश्य दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें कठिन समय में सहारा देना है।
युवा आपदा मित्रों को जीवन बीमा सुरक्षा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन में सक्रिय युवा आपदा मित्रों को भी सम्मानित किया। लखनऊ के कौशलेंद्र कुमार सिंह, लखीमपुर खीरी की महक श्रीवास्तव, हज्र फातिमा और सुखमन कौर, तथा शोभित कुमार चौहान को 5-5 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य आपदा के समय सेवा देने वाले युवाओं को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना और उनके योगदान को सम्मानित करना है।












































