गाजीपुर। गाजीपुर जनपद में संचालित उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। वाराणसी एसटीएफ की टीम ने छापेमारी कर एक युवक को दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
भगेलु दास इंटर कॉलेज में छापा
मामला दुल्लहपुर क्षेत्र के बहलोलपुर गांव स्थित भगेलु दास इंटर कॉलेज का है। सोमवार को अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान एसटीएफ ने अचानक केंद्र पर दबिश दी, जहां शिवम नाम का युवक दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देता मिला।
बिना बायोमेट्रिक एंट्री के प्रवेश
जांच में सामने आया कि विद्यालय प्रबंधन की मिलीभगत से आरोपी को बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया था। इतना ही नहीं, वह इससे पहले दो विषयों की परीक्षा भी दे चुका था।
मोबाइल, ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र बरामद
एसटीएफ ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि साल्वर शिवम यादव और प्रधानाचार्य विंध्याचल यादव के पास से दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, ओएमआर शीट, उत्तर पुस्तिका, अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र और प्रवेश पत्र बरामद किया गया है।
प्रिंसिपल की भूमिका संदिग्ध
प्रारंभिक जांच में विद्यालय के प्रधानाचार्य की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। आरोप है कि मोटी रकम लेकर प्रॉक्सी छात्र को परीक्षा दिलाई जा रही थी।
डीआईओएस ने दिए सख्त निर्देश
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक अपने परिवार के सदस्य के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। मामले के खुलासे के बाद आगामी परीक्षाओं के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
गौरतलब है कि दुल्लहपुर-जखनिया क्षेत्र पहले भी नकल और फर्जी परीक्षार्थियों के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। पिछले वर्ष भी यहां से नकल सामग्री और ‘मुन्ना भाई’ पकड़े गए थे। प्रशासन ने पहले ही सख्ती के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद यह मामला सामने आने से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
INPUT-ANANYA MISHRA









































