लखनऊ से जारी एक अहम फैसले में भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने कई जिलों में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आधिकारिक सूची जारी की। इसे आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन बदलावों से जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूती मिलेगी।
कई जिलों में नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी
घोषित सूची के अनुसार शामली में रामजी लाल कश्यप, अमरोहा में उदय गिरी गोस्वामी, सहारनपुर में अजीत सिंह राणा और बागपत में नीरज शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पीलीभीत में गोकुल प्रसाद मौर्य, लखीमपुर खीरी में अरविंद गुप्ता, गोंडा में इकबाल बहादुर तिवारी, अयोध्या जिला में राधे श्याम त्यागी तथा अयोध्या महानगर में कमलेश श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। मिर्जापुर में लाल बहादुर सरोज और सिद्धार्थनगर में दीपक मौर्य को भी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कई स्थानों पर पुराने पदाधिकारियों की जगह नए और अपेक्षाकृत युवा चेहरों को अवसर दिया गया है।
2027 की रणनीति के तहत संगठन पर फोकस
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र ही जिला स्तरीय बैठकों का आयोजन करें, कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाएं और युवा, महिला तथा किसान मोर्चा समेत सभी प्रकोष्ठों को सक्रिय करें। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह सूची अभी आंशिक है और अन्य जिलों के लिए भी जल्द नई नियुक्तियां की जाएंगी।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
संगठनात्मक फेरबदल के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह कदम संगठन में नई ऊर्जा भरने और चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से उठाया गया है। प्रदेश मुख्यालय स्तर पर आगे की रणनीति पर मंथन जारी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य जिलों की सूची भी सामने आ सकती है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)





































