UP: लखनऊ (Lucknow) के बीकेटी थाना क्षेत्र में जीसीआरजी कॉलेज के सामने एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक स्थानीय बिरयानी की दुकान के डीप फ्रीजर में एक युवक का शव पाया गया। यह दुकान पिछले चार दिनों से बंद थी। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक सनी रावत के पिता का निधन हो गया था और अंतिम संस्कार के चलते दुकान बंद रखी गई थी।
दुकान मालिक को खोलते ही मिली सनसनी
जब दुकान मालिक लौटकर फ्रीजर खोलने गया, तो उसने अंदर युवक का शव देखकर होश खो दिए। घटना के तुरंत बाद इलाके में डर का माहौल फैल गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, और पुलिस शिनाख्त में जुटी हुई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में लगी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
मालिक से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई
बीकेटी थाना पुलिस ने बताया कि फ्रीजर से शव बरामद होने की पुष्टि की गई है। मामले में दुकान मालिक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास की जानकारी जुटाकर घटना की सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)















































