UP: गाजियाबाद (Ghaziabad) के लोनी क्षेत्र में यूट्यूबर सलीम वास्तिक (Salim Wastik) पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस और बदमाश जीशान (Zeeshan) के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ लोनी अंडरपास के पास निठौरा अंडरपास के निकट हुई। करीब 10 मिनट तक चली फायरिंग के दौरान बदमाश पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। इस मामले में सीएम योगी ने सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी थी।
10 मिनट तक चली ताबड़तोड़ फायरिंग
एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के अनुसार, पुलिस को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी और करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। लोनी थाना पुलिस और देहात स्वाट टीम ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में आरोपी के पैर और सीने में गोली लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। जवाबी फायरिंग में दो हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और विपिन ठाकुर भी घायल हुए।
एक लाख का इनामी था जीशान
मारे गए बदमाश की पहचान जीशान के रूप में हुई है, जो अमरोहा जिले के नगला सैफी का निवासी था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यूट्यूबर सलीम पर चाकू से हमला करने में उसी की भूमिका थी। सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर पीछे बैठा नजर आया था और कुर्ता-पायजामा पहने हुए था, जिससे उसकी पहचान पुख्ता हुई।
मौके से हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश लंबे समय से की जा रही थी और पहचान की पुष्टि होने के बाद विशेष टीम निगरानी में जुटी थी। फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)









































