ईरान की ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ ने अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद नए सुप्रीम लीडर के नाम पर सर्वसम्मति बना ली है, जिसका ऐलान जल्द ही किया जाएगा। सदस्य मोहम्मद-महदी मीरबाघेरी ने पुष्टि की है कि काफी विचार-विमर्श के बाद यह निर्णायक फैसला लिया गया है।
ईरान में नए सुप्रीम लीडर के नाम पर सहमति बन गई है। फिलहाल नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम लीडर चुनने वाली संस्था असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने उम्मीदवार तय कर लिया है। असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य मोहसिन हेदरी ने कहा कि बहुमत से सबसे योग्य उम्मीदवार को मंजूरी दे दी है। उन्होंने यह जानकारी ईरान की ISNA न्यूज एजेंसी को दी। संस्था के एक अन्य सदस्य मोहम्मद मेहदी मीरबाघेरी ने भी इसकी पुष्टि की है। दूसरी तरफ इजराइली सेना ने ईरान को चेतावनी दी है कि सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के हर संभावित उत्तराधिकारी को निशाना बनाया जाएगा। IDF ने कहा कि उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया में शामिल लोगों को भी निशाना बनाया जा सकता है।
नए नेता को चुनने में हो रही देरी को लेकर असेंबली के प्रतिनिधि होज्जातोलसलाम जाफरी ने कहा कि यह समय सभी के लिए कड़वा और अनचाहा है। उन्होंने जनता से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि लिए गए फैसले से जल्द ही सभी ईरानी लोग संतुष्ट होंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि इस मुश्किल घड़ी में प्रतिनिधियों के इरादों पर शक नहीं किया जाना चाहिए।
ईरान के संविधान के मुताबिक, 88 सदस्यों वाली ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ ही नया सुप्रीम लीडर चुनने की ताकत रखती है। अयातुल्ला अली खामेनेई, जो पिछले 37 सालों से ईरान की कमान संभाल रहे थे, 28 फरवरी को तेहरान में एक अमेरिकी हमले में मारे गए थे। उनके बाद अब जिसे भी चुना जाएगा, वह ईरान का तीसरा सुप्रीम लीडर होगा, जिस पर देश को इस युद्ध और संकट की स्थिति से बाहर निकालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
INPUT-ANANYA MISHRA














































