UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस संबंध में भर्ती बोर्ड की शिकायत पर लखनऊ के हुसैनगंज थाने में दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि कुछ टेलीग्राम चैनल अभ्यर्थियों को परीक्षा का प्रश्नपत्र देने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलने की कोशिश कर रहे हैं।
25 हजार रुपये लेकर पेपर देने का दावा
भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, ‘UP SI Exam Paper Leak’ नाम से चल रहे एक टेलीग्राम चैनल पर उम्मीदवारों को 25 हजार रुपये में परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का लालच दिया जा रहा था। चैनल संचालक यह दावा कर रहे थे कि उनके पास यूपी एसआई परीक्षा का असली पेपर मौजूद है और पैसे देने पर वह उम्मीदवारों को भेज दिया जाएगा।
भर्ती बोर्ड की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
मामले की जानकारी मिलने के बाद भर्ती बोर्ड की ओर से एक सब-इंस्पेक्टर ने लखनऊ के हुसैनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन चैनलों को कौन चला रहा है और इनके पीछे किसका नेटवर्क काम कर रहा है।
पहले भी कई टेलीग्राम चैनलों पर हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी तरह के तीन अन्य टेलीग्राम चैनलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। इनमें ‘UP SI Police 2026’, ‘Result Panel Pvt TM’ और ‘UP SI Exam Paper UPSI 2026’ जैसे चैनल शामिल हैं। इन प्लेटफॉर्म्स पर भी परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा करते हुए अभ्यर्थियों से पैसे मांगे जा रहे थे।
Also Read: ‘दो देशों में जंग रूकवा दी, पर पेपर लीक नहीं रोक पाए’…राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर बोला हमला
साइबर टीम कर रही जांच, आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार यह मामला अभ्यर्थियों को ठगने की कोशिश हो सकता है। फिलहाल साइबर टीम डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इन टेलीग्राम चैनलों के संचालकों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के कई फर्जी चैनल सक्रिय रहते हैं, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के नाम पर युवाओं को गुमराह करते हैं। आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



