प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया और सभा को संबोधित करते हुए कहा कि असम की जनता ने कांग्रेस को बाहर कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज देश के हर राज्य में कांग्रेस को सबक सिखाया जा रहा है, पीएम ने आगे कहा की कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है। आने वाले समय में, कांग्रेस हार की सेंचुरी लगाने वाली है। हार की हताशा में, कांग्रेस ने खुद देश के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया है।
AI समिट में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कटाक्ष
पीएम मोदी ने पिछले महीने AI समिट में कांग्रेस के सदस्यों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने सार्वजनिक रूप से अपने ही कपड़े फाड़ दिए। उन्होंने इसे हताशा की निशानी बताते हुए कहा कि अब कांग्रेस के पास कुछ और करने को नहीं बचा है।
बराक घाटी और पूर्वोत्तर के विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने असम के युवाओं के अवसरों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने असम को ‘बांटो और राज करो’ की नीति का प्रयोगशाला बना दिया था। उन्होंने बराक घाटी का उदाहरण देते हुए कहा कि यह क्षेत्र कभी प्रमुख व्यापार मार्ग और औद्योगिक केंद्र था, लेकिन कांग्रेस की नीतियों के कारण इसका विकास ठप रहा।
डबल-इंजन सरकार के प्रयास
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की नेतृत्व वाली डबल-इंजन सरकार बराक घाटी को फिर से आर्थिक और वाणिज्यिक केंद्र बनाने के लिए सक्रिय है। उन्होंने बताया कि शिलांग-सिलचर कॉरिडोर सिर्फ एक हाईवे प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह पूर्वोत्तर के लोगों के दशकों के इंतजार का अंत है और क्षेत्र के विकास की नई दिशा तय करेगा।















































