फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में बीती रात 4 लाख रुपये की कथित लूट की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गांव कुबेरपुर निवासी उबैद ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि वह अपने मालिक के 4 लाख रुपये लेकर लौट रहा था। इसी दौरान दमदमा स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने डंडे से हमला कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया।
पुलिस मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी और कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में कई बिंदुओं पर संदेह होने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता से गहन पूछताछ की।
पूछताछ में खुली सच्चाई
कड़ी पूछताछ के दौरान उबैद की कहानी में विरोधाभास सामने आने लगे। पुलिस के दबाव में उसने आखिरकार सच कबूल कर लिया। उसने बताया कि उस पर कर्ज था और वह रकम लौटाने से बचना चाहता था, इसलिए उसने 4 लाख रुपये हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लूट की घटना नहीं हुई है। झूठी और भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में आरोपी उबैद के खिलाफ कोतवाली कायमगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































