UP: अयोध्या (Ayodhya) में राम मंदिर (Ram Mandir) के निर्माण के बाद जहां श्रद्धालुओं की भारी आमद देखी जा रही है, वहीं अब असामाजिक तत्व भी इस धार्मिक नगरी को निशाना बनाने लगे हैं। बढ़ती भीड़ और बाहरी लोगों की आवाजाही का फायदा उठाकर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
एटीएम ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
जनपद अयोध्या की थाना पूराकलंदर पुलिस (Purakalandar Police) ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लगभग 1,99,500 रुपये नकद, एक कार, 14 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। यह गिरोह लंबे समय से लोगों को निशाना बनाकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
Also Read: गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी और नॉनवेज…वाराणसी में मुस्लिम युवकों पर FIR
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एटीएम मशीन के पास खड़े होकर लोगों को मदद का झांसा देते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उनसे सहायता लेता, वे चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल लेते और बाद में उसी कार्ड से खाते से पैसे निकाल लेते थे। इस गिरोह ने कई लोगों को इसी तरीके से ठगा।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब 12 फरवरी 2026 को एक पीड़ित ने अपने खाते से 59,600 रुपये की अवैध निकासी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 7 मार्च और 13 मार्च को भी इसी तरह की घटनाएं सामने आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और 16 मार्च 2026 को तीनों आरोपियों मनु उर्फ अवधेश सिंह, पिंकू कुमार और मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की अपील
पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ अयोध्या सहित कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।














































