रायबरेली : उत्तर प्रदेश के पुलिस महकमे में इन दिनों ‘मिनी मुंबई’ कहे जाने वाले जनपद रायबरेली का डंका बज रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई और शिकायतों के त्वरित निस्तारण में रायबरेली पुलिस ने पूरे प्रदेश को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर प्रथम स्थान हासिल किया है। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि जिले ने लगातार चौथी बार अपनी बादशाहत बरकरार रखी है।
19 थानों ने मिलकर रचा इतिहास
आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल की मार्च-2026 की रैंकिंग में रायबरेली जनपद ने न केवल टॉप किया है, बल्कि जिले के 19 थानों ने संयुक्त रूप से पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाकर इतिहास रच दिया है। पुलिस कप्तान (SP) रवि कुमार के कुशल निर्देशन में रायबरेली पुलिस ‘सुपरफास्ट’ मोड में नजर आ रही है।
जमीन पर उतरकर हो रहा इंसाफ
महज कागजी घोड़े नहीं दौड़ाए जा रहे, बल्कि पीड़ितों की संतुष्टि ही पुलिस की प्राथमिकता बन गई है। जांच अधिकारी खुद मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं।समयबद्ध तरीके से न्याय मिलने से जनता का पुलिस के प्रति भरोसा और बढ़ा है। सिर्फ मार्च ही नहीं, बल्कि पिछले 4 महीनों (दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च) से रायबरेली पुलिस लगातार प्रदेश में नंबर-1 की कुर्सी पर जमी हुई है।
कप्तान की मेहनत लाई रंग
एसपी रवि कुमार ने इस सफलता का श्रेय अपनी टीम की कड़ी मेहनत, लगन और अथक प्रयासों को दिया है। जिले के थानों ने जिस तालमेल के साथ काम किया, उसने अन्य जनपदों के लिए एक नजीर पेश की है। पुलिस की इस ‘क्लीन स्वीप’ से अपराधियों में खौफ और आम जनता में खुशी की लहर है।
क्या बोले SP?
एसपी रवि कुमार ने बताया कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण ही हमारी प्राथमिकता है। यह उपलब्धि पूरी टीम के टीम वर्क का नतीजा है।













































