गोरखपुर : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के तत्वावधान में वर्ष 2025 में राजभाषा हिन्दी के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित गोरखपुर हवाई अड्डे को सार्वजनिक उपक्रम श्रेणी में प्रथम पुरस्कार “चल वैजयंती शील्ड” से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार समिति के अध्यक्ष उदय बोरवणकर, महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया, जिसे गोरखपुर हवाई अड्डे की ओर से निदेशक विमानपत्तन संजय कुमार, नोडल राजभाषा अधिकारी विजय कौशल ने प्राप्त किया।
यह सम्मान गोरखपुर हवाई अड्डे द्वारा राजभाषा हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यों में हिन्दी के व्यापक उपयोग तथा जनसंचार माध्यमों में राजभाषा के सुदृढ़ प्रसार हेतु किए गए सतत एवं नवोन्मेषी प्रयासों का परिणाम है। इस उपलब्धि ने न केवल संस्थान की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है, बल्कि राजभाषा हिन्दी के प्रति उसके समर्पण को भी सुदृढ़ किया है।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है। गोरखपुर हवाई अड्डे के समस्त कार्मिकों ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी राजभाषा हिन्दी के संवर्धन एवं प्रसार के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया है।














































