सहारनपुर : जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शुक्रवार को भूरादेव मंदिर से माँ शाकम्भरी देवी मंदिर के निकट पहाड़ी नदी पर बन रहे सेतु, पहुँच मार्ग एवं सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्य को तय समयसीमा में पूर्ण कराने के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया जाए और उसके अनुसार प्रतिदिन कार्य की मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अतिरिक्त मैन-पॉवर और मशीनरी लगाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जल्द बेहतर सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माणाधीन सेतु के वेल फाउंडेशन सहित अन्य तकनीकी कार्यों की भी जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण करते रहें और प्रत्येक चरण की निगरानी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि माँ शाकम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां हो रहे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। इस अवसर पर सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर भारद्वाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )













































