सहारनपुर : सहारनपुर के थाना नानौता पुलिस ने युवती की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, दो चाकू, लोहे की सरिया, कैंची और गैस लाइटर बरामद किए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार मोहल्ला चाहमंजली निवासी मौ. आशिक पुत्र मौ. बशीर ने थाना नानौता में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए उसकी पुत्री की हत्या कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी आमिर पुत्र इकलाख निवासी मोहल्ला चाहमंजली, थाना नानौता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक फावड़ा, दो चाकू, एक लोहे की सरिया, एक कैंची और एक गैस लाइटर बरामद किया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जसपाल सिंह, हेड कांस्टेबल विक्रांत मान और कांस्टेबल सचिन शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।















































