Mahoba: सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की बढ़ीं मुश्किलें, PM पर विवादित टिप्पणी मामले में केस दर्ज

Mahoba: बुंदेलखंड की हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी लोकसभा सीट से चुने गए समाजवादी पार्टी सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सांसद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मांगों को लेकर चल रहा था सपा का प्रदर्शन

सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता बिजली कटौती, पेयजल संकट, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों और फसल बीमा घोटाले जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला। उनके बयान को भाजपा ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ और देशविरोधी बताया था।

Also Read: ‘EVM से जीतकर EVM को हटाएंगे फिर चाहे साल लगे या फिर सदी…’, अखिलेश यादव का ईवीएम को लेकर भाजपा पर तीखा हमला

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

सांसद के बयान के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। शहर के आल्हा चौक पर भाजपा समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सांसद का पुतला फूंका और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

स्मार्ट मीटर और ईवीएम पर भी उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान सांसद ने सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर बिजली न होने पर भी चलते रहते हैं, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं। इसके अलावा उन्होंने जिले में फसल बीमा में गड़बड़ी, स्कूलों के बंद होने और ईवीएम की निष्पक्षता को लेकर भी चिंता जताई। सांसद ने दावा किया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

Also Read: ‘सपा की सरकार बनी तो गोमती किनारे महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाएंगे…’, बोले अखिलेश यादव

विरोध के बाद भी नरम नहीं पड़े सांसद

भाजपा के विरोध और मुकदमे की मांग के बावजूद सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपने बयान पर कायम नजर आए। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले लोग अपनी राजनीति कर रहे हैं और वह सच बोलने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुकदमा दर्ज होने से वह डरने वाले नहीं हैं।

पुलिस प्रशासन सतर्क

घटना के बाद महोबा का राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )