फर्रुखाबाद। शहर के आवास विकास क्षेत्र स्थित एक निजी ओयो होटल में गुरुवार देर शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। होटल में अनियमित गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद सीओ सिटी अभय वर्मा के नेतृत्व में कादरीगेट थाना पुलिस ने अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होटल के रिकॉर्ड में गंभीर खामियां मिलने पर पुलिस ने रजिस्टर को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि होटल में ठहरने आने वाले लोगों का पूरा सत्यापन नहीं किया जा रहा है और नियमों की अनदेखी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे तक होटल के कमरों व दस्तावेजों की गहन जांच की।
जांच के दौरान सामने आया कि होटल प्रबंधन ग्राहकों की पूरी जानकारी दर्ज किए बिना केवल हस्ताक्षर कराकर कमरे उपलब्ध करा रहा था। रजिस्टर में नाम, पता, पहचान संबंधी विवरण समेत कई जरूरी जानकारियां अधूरी मिलीं। इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए पुलिस ने तत्काल रजिस्टर सील कर दिया।
छापेमारी के दौरान होटल के कई कमरों में स्थानीय युवक-युवतियां भी मिले। पुलिस ने उनसे पूछताछ की और आवश्यक जानकारी लेने के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि होटल प्रबंधन द्वारा नियमों के उल्लंघन के मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











































