बहराइच : यूपी के बहराइच जिले के नानपारा इलाके में शराब के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपनी मां की बेल्ट और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। यह घटना शनिवार शाम ईटहा गांव में हुई। घायल बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ईटहा गांव निवासी सोना देवी अपने बेटे सुशील और बहुओं के साथ रहती हैं। शनिवार शाम को बेटे सुशील ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब सोना देवी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो सुशील नाराज हो गया और उसने अपनी मां पर हमला कर दिया।
सुशील ने बेल्ट और लात-घूंसों से सोना देवी की पिटाई की। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। बहू सावित्री देवी ने बताया कि सुशील अक्सर शराब के लिए पैसे मांगता रहता है और पैसे न मिलने पर घर में झगड़ा करता है।
घायल सोना देवी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर है।










































