‘अपने लोग फिस्स, आन गांव के सिद्ध…’, UP कैबिनेट विभाग बंटवारे पर अखिलेश यादव का तंज

समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उत्तर प्रदेश सरकार में विभागों के बंटवारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए भाजपा नेतृत्व के फैसले पर सवाल उठाए और इशारों-इशारों में कहा कि पार्टी ने अपने नेताओं की बजाय सपा से आए नेताओं को ज्यादा महत्व दिया है।

मनोज पांडेय को मिला अहम विभाग

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘अपने लोग फिस्स, आन गांव के सिद्ध।’ उनके इस बयान को भाजपा नेता मनोज पाण्डेय (Manoj Pandey) को मिले खाद्य एवं रसद विभाग से जोड़कर देखा जा रहा है। यह विभाग सरकार के महत्वपूर्ण मंत्रालयों में गिना जाता है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव ने इसी नियुक्ति को लेकर भाजपा पर कटाक्ष किया है।

Also Read: ‘PDA मतलब ‘पार्टी ऑफ डिंपल एंड अखिलेश…’, PDA पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

विभागों का बंटवारा

उत्तर प्रदेश सरकार में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के करीब एक सप्ताह बाद नए मंत्रियों को विभाग सौंपे गए। 10 मई को हुए विस्तार में दो कैबिनेट मंत्री और चार राज्य मंत्रियों को शामिल किया गया था, जबकि दो राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर स्वतंत्र प्रभार दिया गया। सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी को एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नए मंत्रियों को मिली नई जिम्मेदारियां

स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री बनाए गए अजीत पाल सिंह को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा सोमेंद्र तोमर को राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल विभाग दिया गया है। वहीं नए राज्य मंत्रियों में कृष्णा पासवान को पशुधन एवं दुग्ध विकास, सुरेंद्र दिलेर को राजस्व, हंसराज विश्वकर्मा को एमएसएमई और कैलाश राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)