फर्रुखाबाद : अंशकालिक अनुदेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश सरकार ने उनका मानदेय लगभग दोगुना बढ़ाते हुए 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। इस फैसले से जिले के 234 अंशकालिक अनुदेशक सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
इस संबंध में सोमवार को फर्रुखाबाद में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां बढ़े हुए मानदेय वितरण योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान 21 अनुदेशकों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि मानदेय वृद्धि के बाद जिले में अनुदेशकों पर होने वाला कुल मासिक खर्च 21 लाख रुपये से बढ़कर लगभग 40 लाख रुपये पहुंच जाएगा। सरकार ने केवल मानदेय वृद्धि ही नहीं की है, बल्कि अनुदेशकों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना और महिला अनुदेशकों को 360 दिन के मातृत्व अवकाश जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और बच्चों के भविष्य निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला अनुदेशकों के मनोबल को बढ़ाएगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद करेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना।
अनुदेशकों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताते हुए इसे लंबे समय से चली आ रही मांग का सकारात्मक समाधान बताया।










































