फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जिले के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली की केबल में अचानक आग लग गई। आग महिला अस्पताल के पास लगे विद्युत निगम के ट्रांसफार्मर और पैनल के समीप शुरू हुई, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार केबल में तेज चिंगारियों के साथ आग भड़क उठी और जलती हुई केबल नीचे पड़े कूड़े के ढेर पर गिर गई। इससे कूड़े में भी आग फैल गई और धुआं उठने लगा। अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और एहतियातन अस्पताल की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। करीब 15 मिनट तक केबल जलती रही, जिसके बाद कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।
आग बुझने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन देर रात तक अस्पताल में बिजली ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। बताया जा रहा है कि गर्मी बढ़ने के साथ ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ने से इस तरह की दिक्कतें लगातार सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी लोहिया अस्पताल में इसी तरह की समस्या सामने आई थी। बार-बार हो रही घटनाओं ने अस्पताल की विद्युत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।










































