UP: इटावा जनपद के थाना बकेवर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी एवं वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना बकेवर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर बदमाश सागर के दोनों पैरों में तथा उसके साथी मोनू के एक पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में बदमाशों के पास से लगभग 20 ग्राम गला हुआ सोना, 200 ग्राम गली हुई चांदी, छह हजार रुपये की नगदी, एक हथौड़ा, कटर, प्लास, सब्बल तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके अतिरिक्त दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और छह खोखा कारतूस भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी क्षेत्र में कई आपराधिक घटनाओं में वांछित बताए जा रहे हैं और इनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।







































