लखनऊ : समाजवादी पार्टी की छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर बढ़ती महंगाई, पेट्रोल और खाद्य पदार्थों के दामों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सरकार के खिलाफ सख्त नारेबाजी
छात्रों ने हाथों में बैनर और पोस्टर्स लेकर प्रदर्शन किया। एक बैनर पर लिखा था — “जनता को एक टाइम का खाना खाने को बोल रहे, पीएम मेलोनी को मेलोडी खिला रहे”
दूसरे बैनर पर लिखा था — “पेट्रोल गैस के बढ़ते दाम, सरकार नाकाम”
कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है, जबकि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
पुलिस के साथ झड़प
प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रदर्शनकारियों द्वारा चौराहे पर जाम लगाने की कोशिश के बाद पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई।
पुलिस ने प्रदर्शन को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और कई छात्र कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी प्रदर्शनकारियों को वैन में भरकर इको गार्डन भेज दिया गया।
Also Read : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक्स पर पोस्ट, अघोषित बिजली कटौती पर बोले अखिलेश यादव
सपा छात्र सभा का प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी के छात्र सभा ने इस प्रदर्शन को आम जनता की आवाज बताया। पार्टी के छात्र नेताओं का कहना है कि महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। वे आगे भी ऐसे प्रदर्शनों के जरिए सरकार पर दबाव बनाते रहेंगे।
यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब पूरे प्रदेश में पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और खाद्य पदार्थों की कीमतों को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं।










































