भीषण गर्मी में बिजली कटौती से हाहाकार, मंत्री एके शर्मा ने किया औचक निरीक्षण

लखनऊ : लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई जिलों में अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों में भारी आक्रोश है। लखनऊ सहित विभिन्न शहरों में विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं।

मंत्री एके शर्मा ने संभाला मोर्चा

बिजली संकट को लेकर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। उन्होंने आज गजरिया सीजी सिटी स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। मंत्री ने वहां मौजूद अधिकारियों के साथ बिजली व्यवस्था की समीक्षा की।

बढ़ती बिजली मांग पर समीक्षा बैठक

मंत्री एके शर्मा ने बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग में वृद्धि को देखते हुए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में तकनीकी समस्याओं, ट्रांसफार्मर फेल होने और फीडर लोड का विस्तृत जायजा लिया गया।

Also Read – गोंडा में बिजली संकट : BJP विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को लिखा पत्र

धिकारियों को सख्त निर्देश

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने मेंटेनेंस टीम को 24 घंटे अलर्ट पर रहने के आदेश जारी किए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

जनता में बढ़ा आक्रोश

लखनऊ समेत गोंडा, देवरिया, बाराबंकी, सुल्तानपुर सहित कई जिलों में रातभर बिजली न मिलने और लंबी कटौती से लोग बेहाल हैं। कई इलाकों में स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों ने भी सरकार पर हमला तेज कर दिया है।

ऊर्जा विभाग अब पूरे प्रदेश में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। मंत्री एके शर्मा के इस सक्रिय रुख से उम्मीद जगी है कि जल्द ही बिजली संकट में कुछ राहत मिल सकेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)