गोरखपुर : गोरखपुर पुलिस ने नकली नोट बनाने और लोगों को ठगने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से नकली नोट बनाने का पूरा सामान बरामद किया गया है।
गुलरिहा थाना क्षेत्र में दबिश, 5 गिरफ्तार
25 मई की रात गुलरिहा थाना पुलिस टीम नियमित गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पादरी बाजार स्थित सरस्वतीपुरम कॉलोनी में एक शटर वाली दुकान पर छापा मारा गया। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर 5 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
एसपी सिटी ने किया खुलासा
पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान एएसपी दिनेश गोदारा और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि सिंह भी मौजूद रहे।
Also Read – महोबा NEET कांड पर सियासत गरम : अजय राय के विवादित बयान पर BJP का तीखा हमला
गिरोह का तरीका : काले नोट से बनती थी फर्जी करेंसी
पूछताछ में पता चला कि गिरोह ‘काले नोट’ की आड़ में लोगों को ठगता था। आरोपी काले रंग के विशेष कागज को नोट के आकार में काटकर उस पर केमिकल प्रक्रिया करते थे। इसके बाद प्रिंटर और तैयार फॉर्मा की मदद से नकली 500 रुपये और 100 रुपये के नोट छापते थे। वे लोगों को लालच देते थे कि एक असली नोट के बदले चार नकली नोट मिलेंगे।
गिरफ्तार आरोपी
– करन सिंह (पादरी बाजार, गोरखपुर)
– मोहित कुमार (बरगदवा, गोरखपुर)
– विशाल शर्मा (विश्वकर्मापुर, गोरखपुर)
– आशीष शर्मा (मोहनापुर, गोरखपुर)
– आकाश सिंह (पिपरा टोला, कुशीनगर)
गिरोह में एक अधिवक्ता और एक प्रिंटिंग प्रेस कर्मी भी शामिल था, जो डिजाइन और तकनीकी मदद करता था।
बरामदगी
पुलिस को 500 रुपये के 9 नकली नोट, 100 रुपये का 1 नकली नोट, कंप्यूटर सेट, 2 प्रिंटर, 4 इंक के डिब्बे, ए4 पेपर का बंडल, नोट के फॉर्मा, गांधीजी की फोटो वाले प्रिंट, नकली नोट बनाने के तार और भारी मात्रा में काला कागज बरामद हुआ है।
बिहार कनेक्शन का खुलासा
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह के तार बिहार के मोकामा से जुड़े हैं। वहां से नेटवर्क संचालित होता था और तकनीकी सहायता मिलती थी। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गैंग की गहन जांच कर रही है।
मुकदमा दर्ज
थाना गुलरिहा में मुकदमा संख्या 421/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 178, 179, 180, 181 एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि इस कार्रवाई से नकली नोटों के कारोबार पर बड़ी चोट पहुंची है। पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाएगी। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और जांच जारी है।
















































