UP: अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) मंगलवार को लखनऊ (Lucknow) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की सरकार बनने के बाद दिल्ली की सत्ता भी बदल जाएगी। उनके इस बयान को केंद्र सरकार पर राजनीतिक हमला माना गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके बयान पर जोरदार तालियां बजाकर समर्थन जताया।
राहुल गांधी के बयान पर सपा प्रमुख की प्रतिक्रिया
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने एक दिन पहले हुई पार्टी बैठक में कहा था कि अगले एक साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र सत्ता से बाहर हो जाएंगे। इसी बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति देश की दिशा तय करती है और प्रदेश में बदलाव का असर दिल्ली की सत्ता पर भी पड़ेगा।
एनकाउंटर नीति पर सरकार को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने यूपी सरकार की एनकाउंटर नीति पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जाति और धर्म के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर कानून व्यवस्था को मजबूत नहीं बल्कि कमजोर करते हैं। उनके मुताबिक, सरकार ऐसे मामलों के जरिए समाज में डर और तनाव का माहौल पैदा कर रही है।
फर्जी एनकाउंटर से समाज में हिंसा बढ़ती है: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि एनकाउंटर को राजनीतिक धाक जमाने के हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए वर्ग को डराने और उसका हक दबाने की कोशिश हो रही है। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों से पुलिसकर्मियों पर भी मानसिक दबाव पड़ता है और उन्हें अपराधी जैसा माहौल झेलना पड़ता है। उनके अनुसार, सरकार की ऐसी नीतियां सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक व्यवस्था दोनों के लिए नुकसानदायक हैं।


















































