बरेली: बरेली जिले के थाना शीशगढ़ क्षेत्र में खेत की मेड़ तोड़ने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना शीशगढ़ क्षेत्र के ग्राम बंजरिया, परगना चौमहला, तहसील बहेड़ी निवासी रामचन्द्र पुत्र चुन्नीलाल उर्फ छोटे लाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में इन दिनों चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान उपजिलाधिकारी बहेड़ी के आदेश पर उनके गाटा संख्या-305 की पैमाइश कराकर प्रशासन की ओर से खेत की मेड़ बनवाई गई थी।
Also Read: UP: बरेली मंडी में खूनी बवाल! छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक पर कैंची से हमला, मुकदमा दर्ज
पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही निवासी सईद अहमद और निसार अहमद पुत्रगण जमीन अहमद ने बिना किसी अधिकार के उक्त मेड़ को तोड़ दिया। शिकायत मिलने के बाद तहसील प्रशासन, हल्का लेखपाल और पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा मेड़ बनवाई गई, लेकिन आरोपियों ने फिर से मेड़ तोड़कर खेत की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया।
रामचन्द्र का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार भय और दहशत के माहौल में है।
Also Read: एकतरफा प्यार में हत्या, फिर रहस्यमयी मौत… सीतापुर हत्या कांड ने लिया नया मोड़
एसएसपी बरेली के आदेश पर थाना शीशगढ़ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















































