आईटीआई के अप्रेंटिस मेले में 31 युवाओं का चयन, रोजगार पाने का मिला सुनहरा अवसर

फर्रुखाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) फर्रुखाबाद में आयोजित अप्रेंटिस मेले में 31 युवाओं का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में प्रशिक्षण एवं रोजगार के लिए किया गया। मेले में कुल 120 अप्रेंटिस पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई थी, जिसमें 43 अभ्यर्थियों ने भाग लेकर साक्षात्कार दिया।

मेले में देश की नामी औद्योगिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें टाटा मोटर्स बैक गेट इंडिया लिमिटेड तथा रिवेंट प्रिसीजन इंजीनियरिंग लिमिटेड प्रमुख रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की तकनीकी दक्षता, शैक्षिक योग्यता और साक्षात्कार प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।

चयनित 31 अभ्यर्थियों में से सर्वाधिक 16 युवाओं को उत्तराखंड स्थित कंपनी में अप्रेंटिसशिप का अवसर मिला है, जबकि अन्य अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों के लिए किया गया। चयनित युवाओं में रोजगार को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

Also Read : सलेमपुर की दो बेटियां हल्द्वानी में ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिखाएंगी दम

मेले के सफल आयोजन में संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह, बृजेश कुमार, सुनील कुमार, प्लेसमेंट प्रभारी रंजीत कुमार सुमन तथा विजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संस्थान प्रशासन ने बताया कि युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईटीआई परिसर में प्रत्येक माह अप्रेंटिस मेला आयोजित किया जाता है। इसके अलावा छात्रों को निजी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से रोजगार मेलों का भी आयोजन किया जाता है।

आईटीआई प्रशासन का मानना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं और उनके कौशल विकास को भी नई दिशा प्राप्त होती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)