PM मोदी के 12 साल! सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने PM Modi, दुनिया भर से मिली बधाइयां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि पर दुनिया के कई देशों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, उनकी आर्थिक सोच और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा की सराहना की है।

श्रीलंका ने जताया भारत के प्रति आभार

सबसे पहले शुभकामनाएं देने वालों में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके शामिल रहे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता के प्रधानमंत्री मोदी पर वर्षों से कायम विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों के दौरान श्रीलंका को भारत से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध पहले से अधिक मजबूत हुए हैं। उनके अनुसार, भारत का विकास मॉडल पड़ोसी देशों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।

Also Read: चायवाला’ से प्रधानमंत्री तक का सफर, जानिए उनके जीवन से जुड़ी खास बातें

पापुआ न्यू गिनी और त्रिनिदाद-टोबैगो ने की प्रशंसा

पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने वीडियो संदेश के जरिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उन्हें विश्व के नेताओं के लिए प्रेरणा बताया। वहीं, त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने भारत की विदेश नीति, बुनियादी ढांचे के विकास और सामाजिक-आर्थिक प्रगति की विशेष रूप से सराहना की।

भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि विभिन्न देशों से मिले ये शुभकामना संदेश भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव को दर्शाते हैं। एशिया, प्रशांत क्षेत्र, अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों के साथ भारत के संबंध लगातार मजबूत हुए हैं, जिससे वैश्विक मंच पर देश की उपस्थिति और प्रभाव पहले की तुलना में कहीं अधिक बढ़ा है।

Also Read: भारत में 2036 में होगा ओलंपिक! PM मोदी ने काशी के खिलाड़ियों से किया आह्वान, कहा- मेडल के लिए तैयारी करें

जयशंकर ने गिनाईं विदेश नीति की प्रमुख उपलब्धियां

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की विदेश नीति को नई दिशा मिली है। उन्होंने यूक्रेन, इजरायल और अफगानिस्तान जैसे संकटग्रस्त क्षेत्रों में सफल निकासी अभियानों का उल्लेख किया। साथ ही बताया कि भारत ने 21 मोबिलिटी पार्टनरशिप समझौते किए हैं और प्रवासी भारतीयों की सुविधाओं के लिए 44 नए दूतावास एवं वाणिज्य दूतावास खोले गए हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की यह उपलब्धि केवल एक राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि दुनिया में भारत की मजबूत होती पहचान का प्रतीक भी है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)