पाकिस्तान-फिलिस्तीन कनेक्शन! आयुष मलिक धर्मांतरण मामले में बड़ा खुलासा

आयुष मलिक धर्मांतरण केस: शामली के चर्चित दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक के धर्मांतरण मामले की जांच अब उत्तर प्रदेश की सीमाओं से बाहर निकलकर दिल्ली और गाजियाबाद तक पहुंच गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस मामले में कई मौलानाओं की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

सोशल मीडिया और विदेशी संपर्कों की जांच

जांच एजेंसियां आयुष के कथित पाकिस्तान और फिलिस्तीन से जुड़े संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस के अनुसार उसके सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल संपर्कों और संभावित आर्थिक लेनदेन की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी समेत कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Also Read: UP का लड़का कश्मीर में बना ‘विशाल’ से ‘हमजा’! मस्जिद में हुआ धर्मांतरण, परिवार में मचा हड़कंप

पाकिस्तानी विद्वान के भाषणों से प्रभावित होने का दावा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में सामने आया है कि आयुष पाकिस्तानी इस्लामिक विद्वान डॉ. इसरार के भाषण नियमित रूप से सुनता था और उनके विचारों से प्रभावित था। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए एजेंसियां उसके ऑनलाइन गतिविधियों और अन्य संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं।

आयुष का दावा- स्वेच्छा से अपनाया इस्लाम

विवाद के बीच आयुष मलिक उर्फ रहमान मीडिया के सामने आया और उसने कहा कि उसने अपनी इच्छा से इस्लाम को अपनाया है। उसके मुताबिक वह कई वर्षों से इस्लामी विचारों का अनुसरण कर रहा था और चार साल पहले दिल्ली निवासी चांदनी कुरैशी से निकाह कर चुका है। आयुष ने पाकिस्तान या फिलिस्तीन से किसी भी तरह के संबंध से इनकार करते हुए कहा कि वह अपने परिवार से पहले की तरह जुड़ा हुआ है।

Also Read: आगरा धर्मांतरण कांड में बड़ा खुलासा , जन्नत का लालच, ब्रेनवॉश की साजिश, 10 में से 6 आरोपी पहले थे हिंदू

पिता ने लगाया ब्रेनवॉश और संपत्ति हड़पने का आरोप

दूसरी ओर आयुष के पिता देवराज मलिक का आरोप है कि उनके बेटे का सुनियोजित तरीके से ब्रेनवॉश किया गया। उनका कहना है कि चांदनी और उसके परिवार ने संपत्ति हड़पने की मंशा से आयुष को अपने प्रभाव में लिया। देवराज मलिक के अनुसार इस साल की शुरुआत से बेटे के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा था, जिसके बाद उन्हें पूरे मामले पर संदेह हुआ।

एफआईआर के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

मामला तब सुर्खियों में आया जब स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस मुद्दे को उठाया। इसके बाद देवराज मलिक की शिकायत पर चांदनी कुरैशी, उसके परिजनों और कुछ मौलानाओं समेत कई लोगों के खिलाफ धर्मांतरण और साजिश से जुड़े आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब तक चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी एनपी सिंह का कहना है कि जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)