‘इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में मिला ‘BOMB’ लिखा टिशू पेपर…’, टेकऑफ से पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब दिल्ली जाने के लिए तैयार इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया।

टॉयलेट में मिले टिशू पेपर पर लिखा था ‘BOMB’

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10:45 बजे उड़ान भरने वाली इस फ्लाइट में सभी 180 यात्री सवार हो चुके थे। इसी दौरान विमान के शौचालय में एक टिशू पेपर मिला, जिस पर अंग्रेजी में ‘BOMB’ लिखा हुआ था। यह देखकर केबिन क्रू ने तुरंत इसकी सूचना एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा अधिकारियों को दी, जिसके बाद एहतियातन पूरी प्रक्रिया रोक दी गई।

Also Read: IndiGo Crisis: उड़ान विवाद के बाद इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, राहुल भाटिया संभालेंगे अस्थायी कमान

यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर शुरू हुई जांच

सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान को रनवे से वापस एप्रन पर लाया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को उनके सामान के साथ सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। मौके पर सीआईएसएफ, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची और विमान समेत कार्गो क्षेत्र और यात्रियों के सामान की गहन जांच शुरू की गई।

कई घंटों की तलाशी के बाद नहीं मिला कोई खतरा

लंबी और सघन जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को विमान के अंदर या आसपास कोई भी विस्फोटक अथवा संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार यह किसी शरारती तत्व द्वारा फैलाया गया झूठा अलर्ट था, जिसका उद्देश्य केवल दहशत का माहौल बनाना था। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को आगे की उड़ान के लिए मंजूरी देने की प्रक्रिया शुरू की गई।

Also Read: Indigo के सीईओ पीटर एल्बर्स को मिली नई जिम्मेदारी, IATA के बनाए गए अध्यक्ष

शरारती तत्व की तलाश में जुटीं एजेंसियां

घटना के कारण यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा और दोपहर साढ़े बारह बजे तक फ्लाइट रवाना नहीं हो सकी थी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विमान के शौचालय में ‘BOMB’ लिखा टिशू पेपर किसने रखा था।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)