उत्तर प्रदेश: गोण्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक से मारपीट मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

गोण्डा : कोतवाली नगर पुलिस ने युवक के साथ मारपीट, बलवा और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधी नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान का पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक तथा क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय द्वारा किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जानकी नगर निवासी प्रियंका सिंह ने कोतवाली नगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 9 जून 2026 की रात करीब 10 बजे उनका पुत्र श्रेयांश सिंह रोडवेज बस स्टेशन से घर लौट रहा था। इसी दौरान भगवान होटल के पास हेमंत मिश्रा, हर्ष दुबे, अंशुमान ठाकुर, आदित्य श्रीवास्तव एवं अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की।

शिकायत के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपी श्रेयांश को अपने साथ वंदेमातरम कॉलोनी, जानकी नगर ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। घटना में उसे चोटें आईं। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

Also Read: UP: अमेठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का फरार इनामी गैंगस्टर आकाश चौधरी गिरफ्तार  

मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों—हेमंत मिश्रा, हर्ष दुबे और अंशुमान उर्फ अरनव सिंह—को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।

इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 0533/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) एवं 308(5) के तहत दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में मिश्रौलिया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक योगेश यादव, हेड कांस्टेबल महेश कुमार तथा आरक्षी रामनाथ सिंह शामिल रहे।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)